वाराणसी : 12 घंटे बाद आखिरकार काबू में आया हाथी, पशु चिकित्सकों की टीम ने किया रेस्क्यू, रामनगर की रामलीला में आया हाथी हो गया था बेकाबू
वाराणसी। रामनगर में बेकाबू हाथी को लगभग 12 घंटे बाद काबू में कर लिया गया। पशु चिकित्सकों की टीम ने किसी तरह हाथी को रेस्क्यू किया। इसके बाद हाथी को ट्रक में लादकर पीएन कॉलेज के सामने ग्राउंड में रखा गया है। पशु चिकित्सकों की टीम निगरानी कर रही है।
रामनगर की रामलीला के लिए आजमगढ़ के लाया गया हाथी रविवार को भड़क गया था। महावत को सूंड़ से पटक दिया। इससे उसे गंभीर चोटें आईं, जिसका इलाज बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। बेकाबू हाथी ने मकान के गेट और बिजली के पोल तोड़ दिए। वहीं पेड़ों को भी तोड़ने लगा। सूचना के बाद आननफानन में पुलिस मौके पर पहुंची।
एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। हालांकि देर शाम तक हाथी के काबू में न आने की वजह से रामनगर की रामलीला में राम-रावण युद्ध का मंचन भी रोकना पड़ा। काफी प्रयासों के बाद देर रात 1:30 बजे हाथी का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया। रेस्क्यू के बाद हाथी को ट्रक के माध्यम से रामनगर स्थित पीएन कॉलेज के सामने मैदान में ले जाकर रखा गया है।

