वाराणसी : गंगा सोता पुल से वृद्ध लापता, पुल पर मिली साइकिल और कपड़े, गोताखोरों की मदद से तलाश रही पुलिस 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मुस्तफाबाद (नईकोट) गांव निवासी वृद्ध बाबूनन्दन राम सोमवार सुबह मुस्तफाबाद-रामचन्दीपुर गंगा सोता पुल के पास से लापता हो गए। पुल पर उनकी साइकिल और कपड़े मिलने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश शुरू कराई गई। हालांकि गंगा सोता में बाढ़ के पानी का तेज बहाव होने के कारण देर शाम तक उनका पता नहीं चल सका।

परिजनों के अनुसार बाबूनन्दन राम सुबह करीब आठ बजे बैंक से रुपये निकालने के बाद दवा लेने की बात कहकर घर से निकले थे। कुछ देर बाद उनके पुल के पास पहुंचने की जानकारी मिली। वहां उनकी साइकिल और कपड़े मिलने पर लोगों ने परिवार को सूचना दी। इसके बाद चौकी प्रभारी चांदपुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी देने के साथ एनडीआरएफ को भी सूचना दी। स्थानीय गोताखोरों ने गंगा सोता में काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार कई घंटे बीतने के बावजूद एनडीआरएफ टीम के मौके पर नहीं पहुंचने से लोगों में नाराजगी देखी गई।

बाबूनन्दन राम के परिवार में दो पुत्र और चार पुत्रियां हैं। सभी की शादी हो चुकी है। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। पुलिस और बचाव दल की ओर से वृद्ध की तलाश के प्रयास जारी हैं।

Share this story