वाराणसी : तुलसीपुर और दानियालपुर में दूर होगा पेयजल संकट, महापौर ने 1.92 करोड़ की परियोजनाओं की रखी नींव

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर निगम क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने और लोगों को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने तुलसीपुर और दानियालपुर वार्ड में नए पेयजल परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दोनों क्षेत्रों के हजारों लोगों को जल संकट से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

तुलसीपुर वार्ड स्थित राम जानकी मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नए नलकूप निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। इस परियोजना पर लगभग 65.67 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं दानियालपुर वार्ड में भी पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 126.80 लाख रुपये की लागत से मिनी नलकूप और पाइप लाइन विस्तार योजना का शिलान्यास किया गया।

123

नगर निगम के अनुसार दानियालपुर वार्ड संख्या-37 के चौहान बस्ती और रूप्पनपुर क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल समस्या बनी हुई थी। इसे देखते हुए यहां 3112 मीटर लंबी एचडीपीई पाइप लाइन बिछाने का कार्य भी शुरू कराया जा रहा है। इस योजना के पूरा होने के बाद आसपास के क्षेत्रों में घर-घर तक पर्याप्त पेयजल पहुंचाने में मदद मिलेगी।

महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से नगर निगम लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतार रहा है। सरकार की प्राथमिकता हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना है और इसी उद्देश्य से वार्ड स्तर पर विकास कार्य तेज गति से कराए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराने के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में भी पेयजल, सड़क, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर पार्षद सिंधु सोनकर, अतुल पांडेय, कौशल्या, श्याम आसरे मौर्य, प्रवीण राय, विवेक कुशवाहा, पून्नू लाल, अजय बिंद, भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share this story