वाराणसी : बर्थराकला में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का डीपीआरओ ने किया निरीक्षण, नियमित संचालन के दिए निर्देश
निरीक्षण के समय डीपीआरओ ने एडीओ पंचायत कमलेश कुमार सिंह से चोलापुर विकास खंड से प्लास्टिक कचरा आने के बारे में जानकारी ली। इस पर एडीओ ने बताया कि फिलहाल वहां से प्लास्टिक नहीं आ रहा है। इस पर डीपीआरओ ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि चोलापुर के एडीओ पंचायत से प्लास्टिक भेजने के लिए कहा जाएगा, और यदि वहां से प्लास्टिक नहीं भेजा गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

डीपीआरओ ने प्लांट पर कार्यरत कर्मचारियों की सुविधाओं को लेकर भी निर्देश दिए। उन्होंने प्लांट पर पीने के पानी के लिए समरसेबल पंप लगाने और एक शौचालय की व्यवस्था कराने को कहा। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि हर गांव से सप्ताह में एक दिन तय रोस्टर के अनुसार प्लास्टिक कचरा यूनिट पर भेजा जाए, ताकि प्लांट का संचालन नियमित रूप से हो सके।
मौके पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अनुज सिंह, स्वच्छ भारत मिशन के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर रजत तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि यह प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट करीब एक वर्ष पहले बनकर तैयार हो गई थी, लेकिन प्लास्टिक कचरे की नियमित आपूर्ति न होने के कारण इसका संचालन नहीं हो पा रहा था। अब एडीओ पंचायत की सख्ती के बाद सफाईकर्मी गांवों से प्लास्टिक एकत्र कर यूनिट तक पहुंचाने लगे हैं, जिससे प्लास्टिक मुक्त गांव और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल तेज हुई है।

