स्वास्थ्य सेवाओं में वाराणसी का दबदबा, प्रदेश के सभी 75 जिलों में पाया पहला स्थान
0.77 कंपोजिट स्कोर के साथ हासिल की शीर्ष रैंकिंग, तीन ब्लॉकों का भी उत्कृष्ट प्रदर्शन
वाराणसी। स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी संचालन और विभिन्न स्वास्थ्य संकेतकों में बेहतर प्रदर्शन के दम पर वाराणसी ने प्रदेश की स्वास्थ्य रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड पर अक्टूबर 2026 की प्रगति के आधार पर जारी रिपोर्ट में वाराणसी को 0.77 कंपोजिट स्कोर मिला है। इसके साथ ही जिले ने प्रदेश के सभी 75 जनपदों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के मार्गदर्शन और निरंतर पर्यवेक्षण में स्वास्थ्य विभाग की ओर से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, टीबी उन्मूलन और नियमित टीकाकरण सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। विभागीय प्रयासों और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का परिणाम जिले की रैंकिंग में दिखाई दिया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने बताया कि प्रमुख स्वास्थ्य संकेतकों में सी-सेक्शन प्रसव प्रबंधन और टीबी केस नोटिफिकेशन के मामले में भी वाराणसी ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इन उपलब्धियों में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
जिले के विकासखंडों ने भी रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन किया है। अक्टूबर माह की रिपोर्ट के अनुसार आराजीलाइन ब्लॉक प्रदेश में पहले, बड़ागांव दूसरे और चोलापुर तीसरे स्थान पर रहा। खास बात यह है कि चोलापुर ने सितंबर माह की आठवीं रैंक से सुधार करते हुए अक्टूबर में तीसरा स्थान हासिल किया।
सीएमओ ने कहा कि जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग का लक्ष्य केवल रैंकिंग में बेहतर स्थान हासिल करना नहीं, बल्कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए आगे भी सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन जारी रहेगा।

