वाराणसी : ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा पर डीएम सख्त, सीसीटीवी की जांच की, दिए निर्देश
वाराणसी। ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को तहसील सदर स्थित निर्वाचन कार्यालय के वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने वेयरहाउस के चारों तरफ लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की संख्या, उनकी कार्यशील स्थिति और निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कंट्रोल रूम का निरीक्षण करने के साथ ही प्रत्येक कक्ष में विद्युत आपूर्ति, खिड़कियों और रोशनदानों की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों को भी परखा। उन्होंने अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि वेयरहाउस के बाहर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से बाहरी सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाए। कैमरों की निगरानी में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित सभी मानकों और दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने सुरक्षा गार्डों की शिफ्टवार तैनाती, उनकी ड्यूटी व्यवस्था और वेयरहाउस की अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने उप जिला निर्वाचन अधिकारी समेत निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा से जुड़े सभी प्रबंधों की नियमित समीक्षा की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान एडीएम प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार, निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

