वाराणसी : जनता दर्शन में डीएम ने सुनीं फरियाद, अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कलेक्ट्रेट में गुरुवार को आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। फरियादियों ने व्यक्तिगत, राजस्व, प्रशासनिक समेत विभिन्न मामलों से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण न किया जाए, बल्कि प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार स्थायी और संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

123

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी करने के साथ शिकायतकर्ता को भी निस्तारण की स्थिति और कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। डीएम ने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारी जनसामान्य की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

उन्होंने शिकायतों की नियमित निगरानी करने और लंबित प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा करते रहने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनता दर्शन का उद्देश्य लोगों को त्वरित राहत और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि शिकायतों का निस्तारण समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से हो और फरियादियों को वास्तविक राहत मिले।

Share this story