वाराणसी : देव स्नान पूर्णिमा पर भगवान जगन्नाथ के दर्शन को उमड़े भक्त, माहेश्वरी महिला संगठन ने निकाली भव्य कलश यात्रा
वाराणसी। ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर माहेश्वरी महिला संगठन, वाराणसी ने महेश नवमी सप्ताह के समापन पर सोमवार को अस्सी स्थित जगन्नाथ मंदिर में देव स्नान पूर्णिमा का भव्य आयोजन किया। श्रद्धा, भक्ति और सनातन परंपरा के अद्भुत संगम बने इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंदिर परिसर पूरे दिन "जय जगन्नाथ" के उद्घोष और भक्ति गीतों से गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत तुलसी घाट से निकली भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। संगठन की अध्यक्ष अलका बाहेती और मंत्री लक्ष्मी लड्ढा के नेतृत्व में महिलाओं ने चंदन और केसर मिश्रित गंगाजल से भरे कलश सिर पर धारण कर शोभायात्रा निकाली। यात्रा का संचालन दीपक माहेश्वरी और गौरव राठी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कोषाध्यक्ष प्रज्ञा बजाज ने किया। भक्ति गीतों और जयकारों के बीच कलश यात्रा जगन्नाथ मंदिर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा का शीतल गंगाजल से विधिवत अभिषेक किया गया।

अभिषेक के बाद भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें राखी काबरा, संगीता मुंद्रड़ा और पुष्पा धूत ने भक्ति रस से सराबोर प्रस्तुतियां दीं। इसके उपरांत संगीता सोनी और संतोष सारड़ा के सहयोग से श्रद्धालुओं में महाप्रसाद का वितरण किया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाप्रभु के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया।
माहेश्वरी समाज के प्रचार मंत्री गौरव राठी ने देव स्नान पूर्णिमा के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस दिन भगवान जगन्नाथ का विशेष स्नान कराया जाता है। इसके बाद भगवान 15 दिनों के लिए 'अनवसर' अर्थात एकांतवास में रहते हैं। यह सनातन परंपरा भक्त और भगवान के स्नेहपूर्ण संबंध का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इसी आयोजन के साथ महेश नवमी सप्ताह का भी विधिवत समापन हुआ।
माहेश्वरी परिषद के अध्यक्ष दीपक माहेश्वरी ने कहा कि तुलसी घाट से जगन्नाथ मंदिर तक निकली कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। ऐसे आयोजन समाज की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम में श्रवण करवा, अनिल सारड़ा, शशि नेवर, ज्योति दुजारी, सुनीता राठी, अनीता भालोठिया, रजनी बर्मन, कृष्ण भूराडिया, सविता दुजारी, सुषमा चितलांगिया, रंजना मुंधड़ा, बृजेश माहेश्वरी, कृष्ण कुमार काबरा, गोविंद बजाज, पुरुषोत्तम जाजू सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य सदस्य एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।

