वाराणसी : साइबर ठगों ने शिक्षक के खाते से उड़ाए 1.14 लाख रुपये, थाने में शिकायत दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के आषाढ़ गांव निवासी एक निजी विद्यालय के शिक्षक साइबर जालसाजी का शिकार हो गए। ठगों ने उनके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 1 लाख 14 हजार रुपये निकाल लिए। घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षक ने साइबर हेल्पलाइन, बैंक और स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पीड़ित शिक्षक सुरेन्द्र नाथ मिश्रा ने बताया कि सोमवार तड़के जब वह नींद से जागे तो उनके मोबाइल पर बैंक खाते से रुपये कटने के कई मैसेज आए हुए थे। पहले तो उन्हें किसी तकनीकी गड़बड़ी की आशंका हुई, लेकिन जब उन्होंने सभी संदेश ध्यान से देखे तो पता चला कि उनके खाते से कई बार में बड़ी रकम निकाली जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि उनका खाता काशी गोमती बैंक की मिर्जामुराद शाखा में है। बैंक पहुंचकर जब उन्होंने खाते का स्टेटमेंट निकलवाया तो पता चला कि उनके केसीसी खाते समेत एक अन्य खाते से भी रकम निकाली गई है। कुल मिलाकर 1 लाख 14 हजार रुपये की निकासी की पुष्टि हुई।

बैंक अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में साइबर जालसाजी की आशंका जताई। इसके बाद शिक्षक ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और मिर्जामुराद थाने में तहरीर देकर मामले की जांच की मांग की। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। साइबर सेल की मदद से ट्रांजैक्शन और संबंधित खातों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि जालसाजों तक पहुंचा जा सके।

Share this story