वाराणसी : साइबर ठगी का शिकार हुई छात्रा, पुलिस की सक्रियता से 72 हजार रुपये वापस

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में साइबर ठगी की शिकार हुई एक छात्रा को पुलिस की तत्परता से बड़ी राहत मिली है। पुलिस के प्रयास से छात्रा के खाते से ठगी गई रकम का बड़ा हिस्सा वापस करा दिया गया, जिससे पीड़िता और उसके परिवार ने राहत की सांस ली।

थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय के अनुसार, ठठरा गांव निवासी बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा तनु रानी मौर्या के साथ 13 नवंबर 2025 को साइबर ठगी की घटना हुई थी। ठगों ने एक लिंक भेजकर फार्म सबमिट कराने के नाम पर छात्रा को झांसे में लिया। जैसे ही छात्रा ने लिंक खोलकर अपने बैंक खाते की जानकारी दर्ज की, उसके खाते से 85 हजार रुपये निकाल लिए गए।

घटना के तुरंत बाद छात्रा ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इस पर अविनाश कुमार सिंह, साइबर क्राइम हेल्प डेस्क पर तैनात उपनिरीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जिस खाते में पैसा ट्रांसफर हुआ था, उसे होल्ड करा दिया। इसके बाद संबंधित बैंक से लगातार समन्वय बनाकर रकम वापस कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।

करीब चार महीने के प्रयास के बाद रत्नाकर बैंक लिमिटेड के माध्यम से 72,152 रुपये 55 पैसे का चेक छात्रा को उपलब्ध कराया गया। पुलिस के इस प्रयास से छात्रा ने खुशी जाहिर करते हुए आभार व्यक्त किया। उपनिरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि शेष रकम दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर हुई है, जिसकी जानकारी संबंधित बैंक को भेज दी गई है और उसे भी जल्द वापस कराने का प्रयास किया जा रहा है।

छात्रा ने बताया कि ठग ने फोन कर खुद को परिचित बताते हुए लिंक भेजा था। लिंक के जरिए बैंक डिटेल भरवाकर खाते से पैसे उड़ा लिए गए। रकम वापस मिलने के बाद छात्रा ने पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई से उसे बड़ी राहत मिली है।

Share this story