वाराणसी : रास्ते पर गोबर गिरने के विवाद ने पकड़ा तूल, सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी, आईटी एक्ट में कार्रवाई की मांग
वाराणसी। स्वामी जी की कुटिया और गौ माता को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद शुरू हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। शनिवार को रमना स्वास्थ्य केंद्र परिसर में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवेश पटेल के नेतृत्व में क्षेत्र के कई ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों की बैठक हुई। बैठक में सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणियों को लेकर नाराजगी जताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग उठी।
बताया जा रहा है कि रास्ते पर गोबर गिरने को लेकर शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे सोशल मीडिया तक पहुंच गया। मामले में सीर गोवर्धनपुर के लोगों की ओर से रमना ग्राम प्रधानपति अमित पटेल के खिलाफ पुलिस को तहरीर दिए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि समेत विभिन्न गांवों के ग्राम प्रधान रमना पहुंचे और बैठक कर पूरे प्रकरण पर चर्चा की।
बैठक में मौजूद लोगों ने सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को गंभीर मामला बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि सोशल मीडिया के माध्यम से किसी व्यक्ति या धार्मिक आस्था से जुड़े विषय पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने से माहौल खराब हो सकता है।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवेश पटेल ने कहा कि ग्राम प्रधान की ओर से सोशल मीडिया के माध्यम से माफी मांगी जा चुकी है। ऐसे में इसके बाद भी उनके खिलाफ लगातार टिप्पणियां किए जाने पर सवाल उठता है। उन्होंने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की बात कही।
वहीं, अमित पटेल ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर कोई आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की थी। उन्होंने बताया कि लोगों की आपत्ति के बाद उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से माफी मांगी थी और कहा था कि उनकी किसी बात से किसी को ठेस पहुंची हो तो वह क्षमा चाहते हैं।
अमित पटेल का आरोप है कि इसके बावजूद अब सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हैं। उन्होंने पार्षद राम सिंह उर्फ कल्लू पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है। मामले को लेकर दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ है।

