वाराणसी : हादसे में संविदा कर्मी की मौत, परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के रामपुर पोस्ट कैथूर निवासी 38 वर्षीय रूपनारायण यादव पुत्र मिश्री यादव की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना प्रसाद इंटर कॉलेज के सामने उस समय हुई जब एक चारपहिया वाहन परिसर से बाहर निकल रहा था।
बाहर खड़े संविदा कर्मी रूपनारायण यादव के सीने पर वाहन चढ़ जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद विद्यालय परिसर के सीसीटीवी फुटेज को हटाने के उद्देश्य से कैमरे के तार तोड़ दिए गए, जिससे मामले को दबाने की कोशिश की गई। परिजन जब मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज की मांग की तो वहां मौजूद लोगों से उनकी तीखी कहासुनी भी हुई।
घटना से आक्रोशित परिजन देर शाम तक थाने पर डटे रहे और उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। परिजनों का कहना है कि जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे शांत नहीं बैठेंगे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

