वाराणसी : अखरी हाईवे पर कंटेनर और ट्रेलर की भिड़ंत, दोनों चालक घायल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार शाम कंटेनर ट्रक और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए, जबकि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना के कारण हाईवे पर लगभग एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। घायल चालकों का इलाज चल रहा है। 

रामनगर की ओर से मोहनसराय की तरफ जा रहा एक कंटेनर ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। वाहन डिवाइडर पर चढ़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गया और सामने से आ रहे ट्रेलर से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक केबिन में फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही रोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दोनों घायल चालकों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर उपचार की व्यवस्था कराई। घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

दुर्घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आवागमन बाधित हो गया। स्थिति को सामान्य करने के लिए पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम और क्रेन को मौके पर बुलाया। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाए जाने के बाद यातायात सुचारु रूप से बहाल किया गया।

Share this story