वाराणसी : मत्स्योदरी तीर्थ पर चला सफाई अभियान, पॉलीथिन से मुक्ति का आह्वान
वाराणसी। विश्व भूगर्भ जल दिवस के अवसर पर जल स्रोतों के संरक्षण और स्वच्छता को लेकर वाराणसी में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पर्यावरण संरक्षण गतिविधि काशी प्रांत की ओर से शुक्रवार को पौराणिक मत्स्योदरी तीर्थ (मछोदरी तालाब) पर व्यापक स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में संस्था के पदाधिकारियों, युवाओं और स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर तालाब की सफाई की तथा जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त रखने का संदेश दिया।
स्वच्छता अभियान के दौरान तालाब से बड़ी मात्रा में पॉलीथिन, प्लास्टिक की बोतलें और अन्य कचरा निकाला गया। एकत्रित अपशिष्ट को नगर निगम के सहयोग से निस्तारण के लिए भेजा गया। इस अवसर पर नमामि गंगे गंगा विचार मंच की ओर से लोगों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग न करने और जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न महाविद्यालयों से इंटर्नशिप कर रहे विद्यार्थियों को कपड़े के झोले वितरित किए गए, ताकि प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए उन्हें प्रेरित किया जा सके। काशी प्रांत के संयोजक कृष्णमोहन ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि तालाब, कुंड, बावड़ी और अन्य पारंपरिक जल स्रोत भूगर्भ जल स्तर को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके संरक्षण के बिना जल संकट की समस्या और गंभीर हो सकती है।
कार्यक्रम का संयोजन काशी मध्य भाग संयोजक चंद्रभूषण एवं नगर संयोजक राघवेंद्र ने किया। इस दौरान सहायक प्रोफेसर अशोक, राजेश, जिला संयोजक शिवम, आशीष, अवधेश, राकेश, प्रेम, नीरज, प्रतीक, पवन सहित बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

