वाराणसी : स्लोगन प्रतियोगिता और पौधरोपण में बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक बनाने के उद्देश्य से बुधवार को 137 सीईटीएफ, 39 बटालियन गंगा टास्क फोर्स और नमामि गंगे गंगा विचार मंच की जिला इकाई के संयुक्त तत्वावधान में ककरमत्ता स्थित लिटल फ्लावर हाउस विद्यालय में पर्यावरण साक्षरता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्लोगन प्रतियोगिता, पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण की शपथ के माध्यम से प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।

123

कार्यक्रम का नेतृत्व 39 गोरखा राइफल्स के सूबेदार देवेंद्र बसनेट तथा नमामि गंगे गंगा विचार मंच के जिला संयोजक एवं गंगा सेवक शिवम अग्रहरि ने किया। इस अवसर पर आयोजित पर्यावरणीय स्लोगन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने चार्ट पेपर पर आकर्षक और प्रेरणादायी स्लोगन लिखकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपने विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने पर्यावरण से जुड़े विभिन्न प्रश्नों के उत्तर भी आत्मविश्वास के साथ दिए, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सेना की ओर से पौधे और टी-शर्ट भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि बच्चों को पौधे उपहार स्वरूप देने का उद्देश्य उनमें प्रकृति के प्रति लगाव बढ़ाना और पौधों की देखभाल के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में शिक्षकों, विद्यार्थियों और सेना के जवानों ने संयुक्त रूप से पौधरोपण किया। इस दौरान नींबू, आम, कटहल, जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। सभी ने इन पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प भी लिया।

123

इसी क्रम में राजघाट स्थित प्राथमिक विद्यालय में भी सैकड़ों बच्चों को पर्यावरण संरक्षण और गंगा स्वच्छता से जुड़ी रोचक एवं उपयोगी जानकारियां दी गईं। बच्चों को जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का महत्व समझाते हुए दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक नलिन गुलाटी, प्रधानाचार्य इंदु गुलाटी, सहायक प्रधानाचार्य सीताराम राव, पीआर पॉल, जय विश्वकर्मा, सपना वर्मा, अनुराग सोनकर, तपन कुमार, सुरेंद्र, वी.एन. मौर्य सहित शिक्षकगण, सेना के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। 

Share this story