वाराणसी : कुष्ठ आश्रम में बांटी स्वतंत्रता दिवस की खुशियां, जरूरतमंदों के साथ मनाया राष्ट्रीय पर्व

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संकल्प संस्था की ओर से सारनाथ स्थित काशी कुष्ठ सेवा आश्रम में सेवा, सम्मान और अपनत्व के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया गया। संस्था ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की भावना को आगे बढ़ाते हुए आश्रम में रह रहे लोगों के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम के दौरान आश्रमवासियों को फल, नमकीन समेत विभिन्न खाद्य सामग्री वितरित की गई। संस्था के सदस्यों ने उनसे आत्मीय संवाद किया और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान आश्रम परिसर में आपसी सहयोग और सामाजिक सरोकार की भावना देखने को मिली। संकल्प संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन ने कहा कि देश की आजादी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उनके योगदान को याद करना और उनके बताए सेवा, समर्पण तथा राष्ट्रप्रेम के मार्ग पर चलना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

123

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं वाराणसी के सांसद नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्ग के साथ खुशियां साझा करना केवल सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि भी है।

123

अनिल कुमार जैन ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान और अपनत्व का अनुभव कराना सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजनों से सेवा भावना मजबूत होती है और लोगों में सामाजिक संवेदनशीलता का भाव विकसित होता है। कार्यक्रम में गीता जैन, आलोक कुमार राय, सुशांत श्रीवास्तव, प्रमोद, अमित सहित संकल्प संस्था के अन्य सदस्य मौजूद रहे। संस्था के सदस्यों ने भविष्य में भी जरूरतमंद और वंचित लोगों के बीच सेवा कार्य जारी रखने का संकल्प लिया।

123

Share this story