वाराणसी : राखी के धागे से मजबूत हुआ भाई-बहन का रिश्ता, गांवों में दिखा उत्सव का उल्लास
वाराणसी। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को मिर्जामुराद क्षेत्र में हर्षोल्लास और पारंपरिक तरीके से मनाया गया। बेनीपुर, गौर, खजूरी, रखौना, करधना, रूपापुर, मेहंदीगंज, नागेपुर और पूरे समेत दर्जनों गांवों में बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना की। भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार और नेग दिया।
सुबह से ही घरों में रक्षाबंधन को लेकर उत्साह का माहौल रहा। बहनों ने पूजा-अर्चना के बाद भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और उनकी कलाई पर प्रेम व विश्वास का रक्षा सूत्र बांधा। इसके बाद भाइयों को मिठाई खिलाकर उनके स्वस्थ और सुखी जीवन की कामना की गई। कई परिवारों में दूर रह रहे भाई-बहन भी पर्व मनाने के लिए अपने घर पहुंचे।
रक्षाबंधन को लेकर क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में भी खास रौनक रही। मिर्जामुराद, बेनीपुर, रूपापुर, लालपुर करधना, खजुरी, रखौना, मेहंदीगंज और राजातालाब समेत विभिन्न बाजारों में राखियों और मिठाइयों की आकर्षक दुकानें सजी रहीं। दुकानों पर दिनभर खरीदारों की भीड़ लगी रही। रंग-बिरंगी राखियों और विभिन्न प्रकार की मिठाइयों की लोगों ने जमकर खरीदारी की।
पर्व के चलते बाजारों और प्रमुख मार्गों पर वाहनों की संख्या बढ़ने से कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी बनी रही। लोग राखी, मिठाई और उपहार खरीदने के लिए बाजारों में पहुंचे, जिससे बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी रही। ग्रामीण क्षेत्रों में रक्षाबंधन का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। बहनों ने भाई की कलाई पर राखी बांधकर जहां अपने स्नेह का इजहार किया, वहीं भाइयों ने बहनों के सुख-दुख में साथ देने और उनकी रक्षा का संकल्प दोहराया।

