वाराणसी : बाइक की टक्कर से बालक घायल, मुकदमा दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र में सड़क हादसे में एक चार वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना राजपुर गांव के समीप हुई, जब बालक अपनी दादी के साथ पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से वह बुरी तरह घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चे को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।

परिजनों के अनुसार, कछवां थाना क्षेत्र के निगतपुर गांव निवासी बद्री बनवासी का चार वर्षीय नाती अपनी दादी के साथ राजपुर से घर जा रहा था। रास्ते में मिर्जामुराद क्षेत्र के बहेड़वा गांव निवासी अनुज मिश्रा नामक युवक की बाइक ने बच्चे को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मासूम गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

घटना के बाद परिजन मिर्जामुराद थाने पहुंचे और आरोपी बाइक चालक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बुधवार शाम मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उधर, अस्पताल में भर्ती बालक की स्थिति अब भी गंभीर बताई जा रही है।

Share this story