वाराणसी : फांसी के फंदे से लटकता मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। मडुवाडीह थाना क्षेत्र के हसनपुर पुल के समीप सोमवार की सुबह घर के अंदर किशन सोनकर (36 वर्ष) का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं घटना की छानबीन में जुट गई।
हसनपुर पुल के नीचे रहने वाले जीउत सोनकर के बड़े बेटे किशन सोनकर का सोमवार सुबह करीब 10 बजे घर के अंदर शव मिला। परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।
मृतक के पिता जीउत सोनकर ने बताया कि किशन का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उनके मुताबिक, इसी पारिवारिक तनाव के चलते बेटे ने यह कदम उठाया। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। किशन की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

