वाराणसी : वरुणा नदी में उतराता मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के कोटवां-टडिया गांव के पास मंगलवार सुबह वरुणा नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव उतराता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नदी में शव दिखाई देने पर आसपास के ग्रामीणों की मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल घटना की सूचना लोहता पुलिस को दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव नदी के पानी में औंधे मुंह पड़ा था। मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। सूचना मिलते ही लोहता थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने का भी प्रयास किया, लेकिन तत्काल उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों में भी चर्चा फैल गई। पुलिस ने शव की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों से भी संपर्क करने की तैयारी शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि व्यक्ति की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव को बाहर निकालने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच के साथ मृतक की पहचान कराने में जुटी है।

