वाराणसी : एक दिन पहले घर से लापता किशोर का नदी में मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम
वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र के सरावां गांव के पास सोमवार दोपहर बाद बसुही नदी में एक किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। भद्रकाली मंदिर के समीप नदी में शव उतराता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कपसेठी पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया। बाद में पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक की पहचान जौनपुर जिले के सुरेरी थाना क्षेत्र के कोचारी गांव निवासी आदर्श मिश्रा (14) पुत्र संजय मिश्रा के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, आदर्श एक दिन पहले अपने घर से लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने सुरेरी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सोमवार को बसुही नदी में उसका शव मिलने की सूचना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। आदर्श तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां रूपम मिश्रा का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कपसेठी थाने और जौनपुर के सुरेरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों थानों की पुलिस ने मामले से संबंधित जानकारी जुटाई और आवश्यक कार्रवाई की। किशोर नदी तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

