वाराणसी : सोनिया पार्क के पीछे शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी में पड़ रही भीषण गर्मी और लू का असर अब जानलेवा साबित होने लगा है। सोमवार को भेलूपुर थाना क्षेत्र के सोनिका पार्क के पीछे लगभग 70 वर्षीय एक अज्ञात वृद्ध का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने में जुटी है। 

जानकारी के अनुसार, वृद्ध का शव सोनिका पार्क के पीछे एक पेड़ की छांव में मिला। आशंका जताई जा रही है कि वह तेज धूप और लू से बचने के लिए वहां बैठे होंगे, जहां अत्यधिक गर्मी और डिहाइड्रेशन के कारण उनकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मृतक केवल लुंगी पहने हुए थे और उनके सिर पर गमछा बंधा हुआ था, जबकि शरीर पर ऊपरी कपड़े नहीं थे। शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं, जिससे प्रारंभिक रूप से मौत का कारण गर्मी और लू माना जा रहा है।

Share this story