वाराणसी : मोपेड सवार से मोबाइल छीनकर फरार हो गए बाइक सवार बदमाश, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने मोपेड सवार युवक की जेब से मोबाइल छीन लिया और वाराणसी की ओर फरार हो गए। वारदात के बाद पीड़ित ने मिर्जामुराद बाजार पहुंचकर एक स्थानीय नागरिक के मोबाइल से डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।

मिर्जापुर जिले के कछवा बाजार निवासी रविशंकर बुधवार सुबह करीब सात बजे टीवीएस मोपेड से निजी काम से मिर्जामुराद की ओर आ रहे थे। वह रूपापुर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचे ही थे कि पीछे से हेलमेट पहने बाइक सवार दो युवक उनके करीब पहुंचे। आरोप है कि बाइक सवारों ने झपट्टा मारकर उनकी जेब से मोबाइल निकाल लिया। इसके बाद दोनों बदमाश बाइक से वाराणसी की ओर तेजी से भाग निकले।

पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने पहचान छिपाने के लिए बाइक की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगा रखी थी। अचानक हुई घटना से रविशंकर कुछ देर के लिए स्तब्ध रह गए। बाद में उन्होंने मिर्जामुराद बाजार पहुंचकर स्थानीय नागरिक के मोबाइल से डायल 112 पर घटना की सूचना दी। इसके बाद रविशंकर मिर्जामुराद थाने पहुंचे और अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हाईवे और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों के भागने के रास्ते और उनकी पहचान से जुड़े सुराग मिल सकें।

Share this story