वाराणसी : बीच-बचाव करना पड़ा भारी, बीएचयू कर्मचारी पर दबंगों का हमला, बैट से पीटकर किया जख्मी
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के साकेत नगर के पास शनिवार को दबंगई और मारपीट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां बीच-बचाव करने पहुंचे बीएचयू कर्मचारी को दबंगों ने बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावरों ने युवक पर बैट, लात-घूंसों से हमला किया, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
बीएचयू कर्मचारी चंद्रमा प्रसाद शनिवार को अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान साकेत नगर मार्ग पर दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट होती दिखाई दी। इंसानियत के नाते वह दोनों पक्षों के बीच बचाव कराने पहुंचे, लेकिन मामला शांत कराने की कोशिश उनके लिए ही मुसीबत बन गई।
आरोप है कि नरिया निवासी अंकित पाल, बिट्ट बाबू, विकास यादव समेत उनके साथ आए करीब 10 से 12 लोगों ने अचानक चंद्रमा प्रसाद पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने बैट से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनका सिर फट गया और काफी खून बहने लगा। इसके बाद भी आरोपी उन्हें सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटते रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों की पिटाई से चंद्रमा प्रसाद मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। घटना स्थल पर भीड़ जुटने लगी तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल अवस्था में चंद्रमा प्रसाद को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनके सिर पर पांच टांके लगाए हैं। डॉक्टरों के अनुसार सिर में गंभीर चोट लगने के कारण काफी रक्तस्राव हुआ था। फिलहाल उनका इलाज जारी है। घटना के बाद घायल के छोटे भाई ने उत्तर प्रदेश पुलिस को लिखित तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। पुलिस ने नामजद एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उन्होंने बताया कि तहरीर में कुछ आरोपियों को नामजद किया गया है, जबकि करीब दर्जनभर अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

