वाराणसी : वार्ड प्रवास अभियान में लगा लाभार्थी शिविर, एक ही स्थान पर मिली योजनाओं की जानकारी और पंजीकरण की सुविधा
वाराणसी। 76 दिवसीय वार्ड प्रवास कार्यक्रम के तहत रविवार को दक्षिणी विधानसभा के राजघाट वार्ड स्थित कोनिया के ऑक्सफोर्ड स्कूल परिसर में बहु-विभागीय लाभार्थी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने विभिन्न केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पंजीकरण कराया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, नगर निगम, विद्युत विभाग सहित कई सरकारी विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही पंजीकरण किया।
शिविर में आयुष्मान भारत योजना, विभिन्न पेंशन योजनाओं, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजनाओं सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लिए आवेदन स्वीकार किए गए। इसके अलावा आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र बनवाने के इच्छुक लोगों के लिए भी विशेष काउंटर लगाए गए, जहां आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर आवेदन प्रक्रिया पूरी कराई गई।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने लोगों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए जागरूक किया तथा आवेदन प्रक्रिया से संबंधित उनकी शंकाओं का समाधान भी किया। आयोजकों ने बताया कि 76 दिवसीय वार्ड प्रवास कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक रविवार को इसी प्रकार लाभार्थी शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
शिविर में मुख्य राजस्व अधिकारी कार्यक्रम के नोडल अधिकारी के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य चिकित्साधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लाभार्थियों की सहायता की और योजनाओं से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई। इस अवसर पर विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के साथ मंडल अध्यक्ष बबलू सेठ, पार्षद विजय सोनकर, रोहित जायसवाल, अभिजीत भारद्वाज, कनकलता मिश्रा, नलिन नयन मिश्र, दीपक कुशवाहा, विष्णु यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

