वाराणसी : बलिदानी की पत्नी को समय से सम्मान राशि न मिलने पर बाबू निलंबित, डीएम ने की कार्रवाई
वाराणसी। शौर्य चक्र से सम्मानित बलिदानी महेंद्र पटेल की पत्नी को समय से सम्मान राशि जारी न करने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। जांच अधिकारी एडीएम प्रोटोकॉल की रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने संबंधित बाबू को निलंबित कर दिया है।
प्रकरण संज्ञान में आने पर जिलाधिकारी ने पहले तत्काल सम्मान राशि जारी कराने के निर्देश दिए थे, इसके बाद पूरे मामले की जांच के आदेश भी दिए गए। जांच में पाया गया कि बलिदानी की पत्नी को मिलने वाली सम्मान राशि के भुगतान में संबंधित बाबू की लापरवाही सामने आई। इसके आधार पर एडीएम प्रोटोकॉल ने कार्रवाई की संस्तुति की, जिस पर जिलाधिकारी ने बाबू को निलंबित करने का निर्णय लिया।
महाराजगंज के शिवपुरवा कॉलोनी निवासी शहीद महेंद्र प्रताप सिंह अप्रैल 2008 में अफगानिस्तान में हुए आत्मघाती हमले में दिवंगत हो गए थे। केंद्र सरकार ने मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित करते हुए बलिदानी की पत्नी को सम्मान राशि देने की घोषणा की थी। वर्तमान में यह राशि 65 हजार रुपये है, जिसका भुगतान अक्टूबर से दिसंबर के बीच किया जाना था, लेकिन पिछले चार माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी भुगतान नहीं हो सका।
मामले के संज्ञान में आते ही जिलाधिकारी ने तत्काल मुख्य कोषाधिकारी को निर्देशित कर 65 हजार रुपये के भुगतान का आदेश दिया, जिसके बाद धनराशि जारी कर दी गई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि फाइल लंबे समय तक आगे नहीं बढ़ाई गई, जिससे अनावश्यक देरी हुई। जिलाधिकारी ने इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए संबंधित बाबू के विरुद्ध कार्रवाई की है। साथ ही मामले की आगे की जांच की जिम्मेदारी एडीएम प्रोटोकॉल विनय कुमार को सौंपी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो और शहीद परिवारों को समय पर उनका हक मिल सके।

