“सावधानी हटी, दुर्घटना घटी” के नारों से गूंजा वाराणसी-आज़मगढ़ रोड, एनएसएस की सड़क सुरक्षा रैली
वाराणसी। हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा गुरुवार को द्वितीय एक दिवसीय शिविर के अंतर्गत सड़क सुरक्षा विषय पर एक प्रभावशाली जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह शिविर बावन बीघा परिसर, हरिश्चंद्र पी.जी. कॉलेज, आज़मगढ़ रोड में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरण अभियान चलाया।
गांव-गांव पहुंचा जागरूकता संदेश
रैली में एनएसएस के स्वयंसेवक और स्वयंसेविकाएं हाथों में स्लोगन-पोस्टर लेकर बनियापुर, आदमपुर, तारापुर, रजनहिया और हरिबलमपुर गांवों में पहुंचे। “सावधानी हटी, दुर्घटना घटी” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को हेलमेट की अनिवार्यता, सीट बेल्ट के उपयोग, ट्रैफिक लाइट के संकेतों के महत्व और सड़क पार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

अनुशासन और उत्साह का संगम
रैली आदमपुर से प्रारंभ होकर बनियापुर होते हुए पुनः शिविर स्थल बावन बीघा परिसर पहुंची। वहां स्वयंसेवकों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई। इसके बाद एनएसएस की परंपरागत ‘एनएसएस ताली’, ‘स्वागत ताली’ और ‘विशेष ताली’ का सामूहिक अभ्यास कराया गया, जिससे शिविर में अनुशासन और उत्साह का वातावरण बना रहा।

शिक्षकों ने की सराहना
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शिवानंद यादव, प्रो. वंदना पाण्डेय, श्रीमती दिव्यानी बरनवाल, श्री राजेन्द्र प्रसाद और श्रीमती प्रज्ञा ओझा उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल समाज में जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती है।

हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय की यह पहल सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने और सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हुई।

