वाराणसी : ग्राम प्रधान के घर में घुसकर हमला, लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से की मारपीट, सीसीटीवी कैमरा तोड़ा
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रुपापुर गांव में ग्राम प्रधान के घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि लाठी-डंडे और लोहे की छड़ से लैस हमलावरों ने ग्राम प्रधान और उनके परिवार पर हमला कर दिया। इस दौरान घर में रखी कुर्सी और सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। ग्राम प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद समेत 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रुपापुर गांव के ग्राम प्रधान रामबाबू सेठ के अनुसार, बीते शुक्रवार की रात मधुकर शाहपुर निवासी दिव्यांशु सिंह, अनिल सिंह, अजीत सिंह और अर्पित सिंह समेत करीब 12 अज्ञात लोग उनके घर में घुस आए। आरोप है कि सभी के हाथों में लाठी-डंडे और लोहे की छड़ थी। घर में घुसते ही हमलावरों ने मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में कुछ लोगों को चोटें भी आईं।
ग्राम प्रधान का आरोप है कि हमलावरों ने घर में जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान वहां रखी कुर्सी और निगरानी के लिए लगाया गया सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ग्राम प्रधान और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद ग्राम प्रधान ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच नामजद और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपों की पड़ताल में जुटी है।

