वाराणसी : दर्शनार्थियों की स्कार्पियो में टक्कर मारने वाले ट्रक से लाखों के सेब गायब, पांच दर्शनार्थियों की गई थी जान, पुलिस ने कस्डटी में लेकर सड़क किनारे खड़ा कराया था ट्रक
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के रूपापुर ओवरब्रिज पर पांच दर्शनार्थियों की जान लेने वाले कश्मीर से रांची जा रहे पीर एक्सप्रेस ट्रक से लाखों रुपये के सेब गायब होने का मामला सामने आया है। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर सड़क किनारे खड़ा कराया था। ऐसे में ट्रक से सेब गायब होने की बात सामने आने के बाद सवाल उठने लगे हैं कि आखिर सेब कहां गए और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
सोमवार सुबह कश्मीर से सेब की खेप लेकर रांची जा रहे ट्रक संख्या जेके 09 ए 7761 ने मिर्जामुराद क्षेत्र के रूपापुर ओवरब्रिज पर खड़ी स्कॉर्पियो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में पांच दर्शनार्थियों की मौत हो गई थी, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया था।

मामले में पुलिस ने मंगलवार को ट्रक चालक जाबिद अहमददार (38) को शिवरामपुर चट्टी के पास से गिरफ्तार किया था। खलासी इम्तियाज अहमददार (41) को भी हिरासत में लिया गया था। दोनों को जेल भेज दिया गया है, जबकि वाहन स्वामी की तलाश जारी है। पूछताछ में चालक ने निर्धारित समय पर सेब की खेप पहुंचाने पर अतिरिक्त इनाम मिलने की उम्मीद में तेज रफ्तार से ट्रक चलाने की बात स्वीकार की थी। मृतक विद्वांशु यादव के भाई सुधांशु यादव की तहरीर पर चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125(ए), 125(बी) और 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

