वाराणसी एयरपोर्ट यात्री के घोषित हथियार की जांच के दौरान चली थी गोली, दोनों घायल कर्मचारियों की हालत स्थिर

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बाबतपुर स्थित लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 16 अगस्त को स्क्रीनिंग के दौरान गोली चलने की घटना सामने आई थी। एयरपोर्ट निदेशक के अनुसार, यह घटना एक यात्री द्वारा घोषित किए गए हथियार की स्क्रीनिंग के दौरान हुई। हादसे में एएआई (AAI) के दो स्क्रीनिंग कर्मी घायल हो गए थे। घटना के तत्काल बाद दोनों घायल कर्मचारियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, दोनों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उनका उपचार कराया जा रहा है।

एयरपोर्ट निदेशक ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को दे दी गई थी। मामले की जांच स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है। जांच के दौरान घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। 

एयरपोर्ट प्रशासन ने स्पष्ट किया कि घटना के बावजूद बाबतपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और विमान परिचालन सामान्य रूप से जारी है। एयरपोर्ट पर सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) के निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित की जा रही हैं।

Share this story