वाराणसी : अईली ग्राम प्रधान पर विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप, डीपीआरओ ने जारी किया कारण बताओ नोटिस

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। ग्राम पंचायत अईली के ग्राम प्रधान रामफेर को जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) ने शौचालय निर्माण, सोलर लाइट, और हैंडपंप रीबोर जैसे कार्यों में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्रधान को इस नोटिस का उत्तर देने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। शिकायत की जांच के बाद अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर प्रधान से स्पष्टीकरण मांगा गया है। 

डीपीआरओ कार्यालय से 7 जनवरी 2025 को यह नोटिस जारी किया गया। शिकायतकर्ता नीलम देवी, पत्नी रवि कुमार, निवासी अईली ने ग्राम प्रधान पर विभिन्न विकास कार्यों के लिए स्वीकृत धनराशि का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया था। इस मामले की जांच 4 मार्च 2024 को उप निदेशक (प्रशासन/विपणन), राज्य कृषि मंडी परिषद, उत्तर प्रदेश, वाराणसी ने की थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रधान से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

सहायक विकास अधिकारी पंचायत, चिरईगांव, कमलेश कुमार सिंह ने बताया कि नोटिस ग्राम प्रधान को रिसीव करा दिया गया है। जिलाधिकारी वाराणसी ने 20 नवंबर 2024 को ग्राम प्रधान के वित्तीय और प्रशासनिक अधिकारों पर रोक लगाई थी। हालांकि, प्रधान ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय से 11 दिसंबर 2024 को स्थगन आदेश प्राप्त कर लिया था।

Share this story