वाराणसी : आम आदमी पार्टी ने दी सावित्रीबाई फुले को श्रद्धांजलि, कहा- शिक्षा को हथियार बनाकर सावित्रीबाई फुले ने समाज बदला, उनके विचार आज भी बराबरी की राह दिखाते हैं
वाराणसी। देश की पहली महिला शिक्षिका, महान समाज सुधारक और नारी मुक्ति आंदोलन की अग्रदूत सावित्रीबाई फुले की जयंती के अवसर पर शनिवार को आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदेशभर में श्रद्धांजलि सभाएं और विचार संगोष्ठियां आयोजित की गईं। इसी क्रम में जिला वाराणसी में लहुराबीर स्थित आज़ाद पार्क के शहीद स्थल पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सावित्रीबाई फुले के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके शिक्षा, संघर्ष और सामाजिक समानता के विचारों पर विस्तार से चर्चा की।
शिक्षा ही सामाजिक बदलाव का सबसे मजबूत हथियार
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष विनोद जायसवाल ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने उस दौर में लड़कियों की शिक्षा की अलख जगाई, जब समाज का बड़ा वर्ग महिलाओं को पढ़ने-लिखने का अधिकार देने के खिलाफ था। उन्होंने कहा कि सावित्रीबाई फुले का जीवन इस बात का प्रमाण है कि शिक्षा ही सामाजिक बदलाव का सबसे मजबूत हथियार है। आज जब बेटियों की पढ़ाई, दलित-पिछड़ों के अधिकार और सामाजिक न्याय पर हमले हो रहे हैं, तब उनके विचार पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गए हैं।
जयंती मनाने से आगे बढ़कर नीतियों में उतारने की जरूरत
कार्यक्रम में उपस्थित प्रदेश उपाध्यक्ष अब्दुल्लाह खान ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने न केवल शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी कार्य किया, बल्कि जाति और लिंग आधारित भेदभाव के खिलाफ भी निर्भीक संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि सरकारें केवल जयंती मनाने तक सीमित न रहें, बल्कि शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय से जुड़े उनके विचारों को नीतियों में उतारें। उन्होंने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी सामाजिक न्याय और समान अधिकारों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
महिलाओं और वंचितों को समान अवसर ही सच्ची श्रद्धांजलि
प्रदेश महासचिव महिला विंग रेखा जायसवाल ने कहा कि सावित्रीबाई फुले का संघर्ष आज भी सामाजिक बराबरी की राह दिखाता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि महिलाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। वहीं अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष एजाज अहमद ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने यह साबित किया कि बदलाव की शुरुआत साहस से होती है और समान, गुणवत्तापूर्ण व सुलभ शिक्षा व्यवस्था ही उनके विचारों का वास्तविक विस्तार है।
विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में पार्टी नेताओं ने आह्वान किया कि सावित्रीबाई फुले के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाए और शिक्षा व समानता के उनके संघर्ष को आगे बढ़ाया जाए। इस श्रद्धांजलि सभा और संगोष्ठी में सचिव अखिलेश पाण्डेय, जिला मीडिया प्रभारी घनश्याम पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रमोद श्रीवास्तव, मुन्ना यादव, निलेश सिंह, अभिषेक सिंह, मोहम्मद आकिब खान और आनंद तिवारी सहित कई कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि सावित्रीबाई फुले के सपनों के समाज के निर्माण के लिए उसका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

