वाराणसी : बहेड़वा हाल्ट के पास ट्रेन से कटे युवक की पहचान, परिवार में मचा कोहराम

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बहेड़वा हाल्ट रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार देर रात ट्रेन से कटकर मृत मिले अज्ञात युवक की पहचान हो गई है। मंगलवार को परिजनों ने मिर्जामुराद थाने पहुंचकर शव की शिनाख्त की, जिसके बाद पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान डंगहरिया गांव निवासी संगठा प्रसाद पटेल के पुत्र रूपेंद्र पटेल (28) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर खजुरी चौकी प्रभारी गणेश पटेल ने परिजनों को शिवपुर स्थित मोर्चरी हाउस ले जाकर शव की पहचान कराई।

परिजनों ने बताया कि रूपेंद्र की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी, जिससे वह काफी परेशान रहता था। शनिवार रात वह घर पर भोजन करने के बाद अचानक कहीं चला गया। इसके बाद वह रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी परिवार को नहीं हो सकी।

प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि रूपेंद्र ने ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।

रूपेंद्र खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share this story