वाराणसी : सर्विस रोड पर वाहन ने पैदल जा रहे युवक को मारी टक्कर, हालत गंभीर
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के शिवरामपुर चट्टी के समीप शनिवार की रात नेशनल हाईवे के सर्विस रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से पैदल जा रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों ने युवक की हालत गंभीर बताई है।
भदोही जिले के खमरिया निवासी सैनी शिवाजी (पुत्र रामदौड़) शनिवार रात करीब 10 बजे सर्विस रोड से पैदल कछवां बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शिवरामपुर चट्टी के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायल को अस्पताल भिजवाया। घटना के बाद वाहन चालक फरार हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और चालक की तलाश में जुटी है।

