वाराणसी : पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, चाकू से वार कर किया जख्मी, हालत गंभीर 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना गांव में मंगलवार की देर रात पुरानी रंजिश को लेकर चार युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक का बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है। पुलिस एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

चित्तापुर गांव निवासी अनिल कुमार ने मिर्जामुराद थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनका भाई राजेश गोंड मंगलवार देर रात रखौना गांव के पास था। इसी दौरान रखौना गांव निवासी नीरज, अनुज, गोलू उर्फ किशन और लालू ने पुरानी रंजिश को लेकर उसे जातिसूचक शब्द कहते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से हमला कर दिया। हमले में राजेश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।

शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायल को एंबुलेंस से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजकर भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। एसओ ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, एससी/एसटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Share this story