वाराणसी : इंस्टाग्राम पर दंपती की अश्लील फोटो-वीडियो कर दी वायरल, मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर अश्लील फोटो और वीडियो वायरल कर एक दंपती की सामाजिक छवि धूमिल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लालपुर निवासी पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 16 दिसंबर 2025 को एक इंस्टाग्राम आईडी से उसकी और उसकी पत्नी की अश्लील फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए गए। इससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरा आघात पहुंचा है और परिवार मानसिक तनाव से गुजर रहा है।

पीड़ित के अनुसार वायरल सामग्री का असर उसकी पत्नी की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने इस हरकत का विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की शिकायत साइबर क्राइम पोर्टल पर भी दर्ज कराई गई है।

थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वायरल सामग्री और इंस्टाग्राम अकाउंट की तकनीकी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this story