वाराणसी : बीकापुर में शौचालय निर्माण में अनियमितता की पड़ताल को पहुंची टीम, अभिलेख न मिलने से अटकी जांच 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिले के चिरईगांव ब्लॉक के ग्राम पंचायत बीकापुर में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण में कथित अनियमितताओं की शिकायत के बाद शनिवार को जिला लेखा परीक्षण अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया गया और ग्रामीणों से भी जानकारी प्राप्त की गई।

जांच अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर बीकापुर गांव में शौचालय निर्माण से संबंधित कार्यों की जांच की जा रही है। हालांकि निरीक्षण के दौरान संबंधित अभिलेख ग्राम पंचायत सचिव द्वारा उपलब्ध नहीं कराए गए, जिससे जांच प्रक्रिया प्रभावित हुई। वहीं शिकायतकर्ता सहदेव तिवारी ने भी आवश्यक दस्तावेज जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) कार्यालय से प्राप्त करने की बात कही।

ग्रामीणों ने जांच टीम को बताया कि निरीक्षण के समय ग्राम सचिव गांव में मौजूद नहीं थे, जिससे आवश्यक जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध नहीं हो सके। इस स्थिति के कारण जांच अधूरी रह गई। जिला लेखा परीक्षण अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जैसे ही सभी संबंधित अभिलेख प्राप्त होंगे, उनके आधार पर विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर डीपीआरओ कार्यालय को सौंप दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Share this story