वाराणसी : सड़क पर चलते सीएनजी ऑटो में अचानक लगी आग, यात्रियों को सुरक्षित उतारा
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के रविदास गेट के पास चलती सीएनजी ऑटो में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ऑटो से धुआं निकलता देख राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रुकवाया। इसके बाद उसमें सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर उतार लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो के रुकते ही स्थानीय लोगों ने उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
चलती ऑटो में आग लगने की घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। राहत की बात रही कि समय रहते धुआं दिखाई देने और ऑटो रुक जाने से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना लंका थाना क्षेत्र के रविदास गेट के पास की बताई जा रही है।

