वाराणसी : स्कूल बस पर गिरा जर्जर हाईटेंशन पोल, विभागीय लापरवाही पर उठे सवाल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर के नारायणपुर वार्ड में गुरुवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब स्कूली बच्चों से भरी बस के ऊपर अचानक एक जर्जर हाईटेंशन बिजली का पोल गिर पड़ा। संयोगवश उस समय क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद थी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए।

स्थानीय पार्षद एवं नगर निगम के सचेतक संदीप रघुवंशी ने आरोप लगाया कि उन्होंने लगभग दो महीने पहले ही बिजली विभाग के अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से क्षेत्र के दो जर्जर बिजली खंभों के बारे में अवगत कराया था। उनका कहना है कि अधिकारियों को चेतावनी दी गई थी कि ये खंभे कभी भी गिर सकते हैं, लेकिन इसके बावजूद विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि यदि घटना के समय बिजली चालू होती, तो यह हादसा कई स्कूली बच्चों की जान के लिए खतरा बन सकता था।

123

पार्षद का आरोप है कि घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद तक बिजली विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। उन्होंने बताया कि हादसे की तस्वीरें और जानकारी संबंधित अधिकारियों को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी गई, लेकिन इसके बावजूद विभाग की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। घटना के समय स्थानीय नागरिक और मीडिया कर्मी ही मौके पर मौजूद रहे।

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने जर्जर बिजली खंभों और तारों को तत्काल बदलने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Share this story