वाराणसी : गंगा में नौकायन के दौरान सुरक्षा पर फोकस, 119 नाविकों को 974 लाइफ जैकेट वितरित

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। गंगा में नौका संचालन को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में रविवार को नमो घाट फेज-2 पर आयोजित कार्यक्रम में 119 नाविकों को कुल 974 निःशुल्क लाइफ जैकेट वितरित की गईं। यह अभियान संभावित नौका दुर्घटनाओं में जनहानि को रोकने तथा जल परिवहन को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. सदानंद गुप्ता ने नाविकों को लाइफ जैकेट वितरित कीं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई गई लाइफ जैकेटों का वितरण जनपद की पंजीकृत नौकाओं को उनकी स्वीकृत यात्री क्षमता के अनुसार चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है।

123

डॉ. गुप्ता ने कहा कि वाराणसी विश्व के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक नगरों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु और पर्यटक गंगा दर्शन, गंगा आरती, देव दीपावली तथा अन्य धार्मिक आयोजनों में भाग लेने के लिए आते हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन और नाविकों दोनों की साझा जिम्मेदारी है।

उन्होंने बताया कि जल दुर्घटनाओं की स्थिति में लाइफ जैकेट जीवन रक्षा का सबसे प्रभावी साधन है। इसके उपयोग से व्यक्ति पानी में सुरक्षित रहता है और बचाव दल को राहत एवं रेस्क्यू कार्य के लिए पर्याप्त समय मिल जाता है। उन्होंने सभी नाविकों और नौका संचालकों से अपील की कि प्रत्येक यात्रा से पहले नौका में उपलब्ध लाइफ जैकेटों की जांच करें और हर यात्री को लाइफ जैकेट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

123

कार्यक्रम में नाविकों को यह भी निर्देश दिया गया कि नौकाओं में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को न बैठाया जाए। खराब मौसम, तेज हवाओं, आंधी-तूफान, भारी वर्षा या गंगा के जलस्तर में अचानक वृद्धि की स्थिति में नौका संचालन से बचने और प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने को कहा गया।

इस अवसर पर एनडीआरएफ, जल पुलिस, आपदा मित्रों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सहयोग किया। जिला प्रशासन ने सभी नाविकों से “सुरक्षा प्रथम” के सिद्धांत को अपनाते हुए सुरक्षित और दुर्घटनारहित नौका संचालन में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

Share this story