वाराणसी : होली पर मिलावटखोरों पर शिकंजा, 278 किलो बेसन व 135 पैकेट ‘जुबान’ जब्त

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। होली पर्व के मद्देनज़र खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में सघन छापेमारी अभियान चलाकर मिलावटी और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। अभियान के तहत खोजवां, मिर्जामुराद, डीएलडब्ल्यू, शिवपुर और सेवापुरी क्षेत्रों में टीमों ने निरीक्षण किया।

जांच के दौरान तीन व्यापारिक प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। कार्रवाई में 278 किलोग्राम संदिग्ध गुणवत्ता का बेसन प्रतिवर्जित किया गया, जबकि 135 पैकेट ‘जुबान’ (अनुमानित कीमत लगभग 14 हजार रुपये) जब्त कर सीज किए गए। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान बिना वैध खाद्य लाइसेंस के संचालित पाया गया, जिस पर नोटिस जारी किया गया। साथ ही कुछ स्थानों पर साफ-सफाई में कमी मिलने पर संचालकों को सुधार के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के समय मिलावटखोरी पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने व्यापारियों को गुणवत्ता मानकों का पालन करने और लाइसेंस संबंधी नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी।

Share this story