1952 में मिला था यूपी पुलिस को गौरवशाली ध्वज, पुलिस झंडा दिवस पर पुलिस आयुक्त ने किया ध्वजारोहण, दी सलामी, पुलिसकर्मियों को ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनसेवा का दिलाया संकल्प
वाराणसी। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस लाइन में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी। इस दौरान उन्होंने पुलिस ध्वज के गौरवशाली इतिहास, उसके महत्व और पुलिस बल की समृद्ध परंपराओं से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अवगत कराया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को ध्वज की गरिमा और प्रतिष्ठा बनाए रखते हुए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि 23 नवंबर 1952 को भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने उत्तर प्रदेश पुलिस और प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) को उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस ध्वज प्रदान किया था। यह गौरव हासिल करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य पुलिस बल बना था। तभी से यह ध्वज पुलिस बल की गौरवशाली विरासत और विशिष्ट पहचान का प्रतीक बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि पुलिस ध्वज केवल सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि पुलिसकर्मियों के साहस, शौर्य, त्याग, समर्पण, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का परिचायक भी है। इसकी प्रतिष्ठा बनाए रखना प्रत्येक पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है। पुलिस बल की पहचान उसकी कार्यशैली, ईमानदारी और जनता के प्रति व्यवहार से बनती है।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आमजन की सुरक्षा और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना भी है। इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुलिस ध्वज के सम्मान, गौरवशाली परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा जनसेवा के प्रति पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।

