आज आएगा यूपी बोर्ड का रिजल्ट, वाराणसी के हजारों छात्र इंतजार में
118 केंद्रों पर हुई थी परीक्षा, 46 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी शामिल
इस वर्ष वाराणसी जिले में कुल 118 परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड परीक्षाएं आयोजित की गई थीं। हाईस्कूल परीक्षा में करीब 46,300 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर निर्धारित समय तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं। नकल रोकने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर CCTV कैमरों की निगरानी में परीक्षा कराई गई।
कंट्रोल रूम से 24 घंटे हुई निगरानी
जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पीएम श्री क्वींस कॉलेज में एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया था। यहां से सभी परीक्षा केंद्रों और स्ट्रांग रूम की 24 घंटे निगरानी की गई। अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण कर परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने का प्रयास किया गया।
शिक्षा निदेशक और बोर्ड सचिव करेंगे घोषणा
शिक्षा विभाग के अनुसार आज शाम 4 बजे शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव और यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह द्वारा परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित किया जाएगा। छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और अन्य माध्यमों से अपना परिणाम देख सकेंगे।
छात्रों और अभिभावकों में बढ़ी उत्सुकता
रिजल्ट को लेकर छात्रों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल है। कई छात्र अपने भविष्य की योजनाओं को लेकर परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। शिक्षा विभाग ने छात्रों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक माध्यमों से ही परिणाम देखें और किसी भी अफवाह से बचें।

