UP Board Result 2025 : किसान की बेटी जिले की टॉप-10 सूची में बनाई जगह, आईएएस बनने का सपना
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के मेहंदीगंज स्थित शिवचरण स्मारक इंटरमीडिएट कॉलेज की छात्रा स्मृति सिंह ने इंटरमीडिएट परीक्षा में 95.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले की टॉप-10 सूची में सातवां स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि से न सिर्फ स्कूल का नाम रोशन हुआ, बल्कि पूरे मिर्जामुराद क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
स्मृति एक साधारण किसान परिवार से आती हैं। उनके पिता मेहंदीगंज गांव में खेती करते हैं और मां नीतू देवी एक आशा कार्यकर्ता हैं। सीमित संसाधनों में पढ़ाई करते हुए स्मृति ने यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी मेहनत और लगन से पूरे क्षेत्र के लोग गर्व महसूस कर रहे हैं।
स्मृति का सपना आईएएस अधिकारी बनकर समाज की सेवा करना है। वह आगे की पढ़ाई के लिए पूरी तरह समर्पित हैं और देश सेवा के जज़्बे से प्रेरित होकर प्रशासनिक सेवा में जाना चाहती हैं। छात्र की सफलता से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल व्याप्त है।

