अस्सी घाट पर खुले मैदान में लगेगी अनूठी 'भारत गाथा' प्रदर्शनी, पत्थरों पर उकेरी गईं सनातन गाथाएं

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी। अस्सी घाट के खुले मैदान में एक विशेष और अद्भुत प्रदर्शनी का आयोजन होने जा रहा है, जो कला प्रेमियों, इतिहास के जिज्ञासुओं और संस्कृति से जुड़े लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी। यह ‘भारत गाथा’ नामक प्रदर्शनी 9 दिनों तक चलेगी और इसे लोग सुबह से लेकर रात तक कभी भी देख सकेंगे। खास बात यह है कि यह प्रदर्शनी किसी हॉल या बंद गैलरी में नहीं, बल्कि गंगा किनारे खुले वातावरण में आयोजित की जा रही है।

इस अनूठी कला प्रदर्शनी में कुल 41 पत्थरों पर ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक घटनाओं को भित्ति चित्रों के रूप में दर्शाया गया है। इन सभी चित्रों को विख्यात आर्टिस्ट अरुण कुमार सिंह ने तैयार किया है। उन्होंने बताया कि इन चित्रों को तैयार करने और पत्थरों पर उकेरने में उन्हें लगभग एक वर्ष का समय लगा। यह कार्य आज से अस्सी घाट पर प्रारंभ हो गया है, जहाँ श्रमिक इन भारी पत्थरों को एक व्यवस्थित रूप में स्थापित करने में जुटे हुए हैं।

vns

प्रदर्शनी में दर्शकों को ध्रुव की तपस्या, उमा-शिव की कथा, समुद्र मंथन से निकले चौदह रत्नों, राम और रावण के युद्ध, महात्मा बुद्ध द्वारा अपने शिष्य को उपदेश देते हुए और भिक्षा लेते हुए के चित्रों के साथ-साथ श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाने, राधा-कृष्ण की रासलीला, और शंकराचार्य के शास्त्रार्थ जैसे अनेकों प्रेरणादायक प्रसंगों की झलक देखने को मिलेगी।

vns

आर्टिस्ट अरुण सिंह का कहना है कि इन पत्थरों पर उकेरे गए चित्र सिर्फ कला नहीं, बल्कि इतिहास और भारतीय जीवन-दर्शन का जीवंत दस्तावेज़ हैं। भित्ति चित्र शैली में निर्मित ये दृश्य न केवल धार्मिक भावनाओं को जागृत करते हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति की समृद्धता को भी उजागर करते हैं। उन्होंने बताया कि चित्रों की बनावट इस तरह से की गई है कि लोग यह भी समझ सकें कि भित्ति चित्र कैसे उगेरें जाते हैं, यानी उनका निर्माण कैसे होता है।

vns

इस भव्य प्रदर्शनी का उद्घाटन रविवार की शाम  किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि मेयर अशोक तिवारी होंगे। इसके बाद 12 मई तक यह प्रदर्शनी आम जनता के लिए निःशुल्क रूप से खुली रहेगी।

vns

प्रदर्शनी को देखने के लिए बनारस ही नहीं, आस-पास के जिलों से भी बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। 

Share this story