बीएचयू में 18 नवंबर से लगेगा दो दिवसीय स्वास्थ्य मेला, 10 हजार मरीजों को मिलेगी मुफ्त जांच और चिकित्सा सुविधा
19 नवंबर को होगा चिकित्सा विज्ञान संस्थान का 66वां वार्षिक दिवस समारोह, 97.7 करोड़ की शोध परियोजनाओं को मिली मंजूरी, 801 शोध पत्र हुए प्रकाशित
वाराणसी। बीएचयू चिकित्सा विज्ञान संस्थान (आईएमएस) का 66वां वार्षिक दिवस समारोह इस बार स्वास्थ्य जागरूकता, चिकित्सा अनुसंधान और आधुनिक तकनीक के संगम के रूप में आयोजित किया जाएगा। इसके तहत 18 और 19 नवंबर को दो दिवसीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन होगा। मेले में आम लोगों को मुफ्त चिकित्सा जांच, डायग्नोस्टिक सेवाओं और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श की सुविधा मिलेगी। आयोजकों को उम्मीद है कि इस दौरान करीब 10 हजार मरीजों को चिकित्सा सहायता और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा शहर के विभिन्न स्कूलों के लगभग तीन हजार विद्यार्थी भी मेले में शामिल होंगे।
रविवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में आईएमएस के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने बताया कि संस्थान का 66वां वार्षिक दिवस समारोह 19 नवंबर को दोपहर तीन बजे से स्वतंत्रता भवन में आयोजित होगा। इससे पहले 18 नवंबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक और 19 नवंबर को सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक स्वास्थ्य मेला लगाया जाएगा। इसका आयोजन आईएमएस के न्यू लेक्चर थिएटर और केएन उडुपा ऑडिटोरियम परिसर में होगा। स्वास्थ्य मेले में प्रवेश केएन उडुपा ऑडिटोरियम की तरफ से होगा। बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी दोनों कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि होंगे।
69 स्टॉल पर दिखेगा आधुनिक और पारंपरिक चिकित्सा का संगम
स्वास्थ्य मेला-2026 के समन्वयक प्रो. वीएन मिश्रा ने बताया कि इस बार मेले में कुल 69 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें 60 स्टॉल एकीकृत चिकित्सा पद्धतियों से संबंधित होंगे, जबकि नौ स्टॉल आईआईटी बीएचयू के होंगे। आईआईटी बीएचयू इस बार मेड-टेक अवधारणा के साथ शामिल हो रहा है। यहां स्वास्थ्य सेवाओं में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों की भूमिका प्रदर्शित की जाएगी। आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा मेले में विशिष्ट अतिथि होंगे।

उन्होंने बताया कि मेले में आधुनिक चिकित्सा, दंत चिकित्सा, आयुर्वेद, नर्सिंग और इंजीनियरिंग के बीच समन्वय को प्रदर्शित किया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ आम लोगों को चिकित्सा अनुसंधान, उपचार, प्रशिक्षण और नई स्वास्थ्य तकनीकों की जानकारी देंगे। इसका उद्देश्य लोगों को बेहतर स्वास्थ्य आदतों के प्रति जागरूक करने के साथ आधुनिक और पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों की उपयोगिता से परिचित कराना है।
मुफ्त जांच और डायग्नोस्टिक सेवाएं मिलेंगी
वैद्य सुशील कुमार दुबे और डॉ. अखिलेश चंद्र ने बताया कि स्वास्थ्य मेले में मरीजों के लिए मुफ्त चिकित्सा जांच और डायग्नोस्टिक सेवाओं की व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही संस्थान में चल रहे विभिन्न शोध कार्यों और अनुसंधान परियोजनाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा। लोगों को नवीनतम मेडिकल, डेंटल और नर्सिंग सुविधाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।
प्रो. टीपी चतुर्वेदी ने बताया कि मेले में करीब 10 हजार मरीजों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है। इसके अलावा वाराणसी के विभिन्न स्कूलों के लगभग तीन हजार विद्यार्थियों की सहभागिता भी प्रस्तावित है। संस्थान के एक हजार से अधिक छात्र आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रमों के बेहतर संचालन के लिए 18 उपसमितियों का गठन किया गया है।
97.7 करोड़ की शोध परियोजनाओं को मिली मंजूरी
आईएमएस के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने संस्थान की शैक्षणिक और शोध उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष फैकल्टी सदस्यों की ओर से शुरू की गई 60 बाहरी शोध परियोजनाओं और योजनाओं के लिए कुल 97.7 करोड़ रुपये की अनुदान राशि मंजूर हुई है। इस अवधि में संस्थान के शिक्षकों और शोधकर्ताओं ने 801 शोध पत्र प्रकाशित किए। इसके अलावा 36 सम्मेलन आयोजित किए गए और 41 जनसंपर्क एवं आउटरीच कार्यक्रमों के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा दिया गया। विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों और अस्पतालों के साथ पांच समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों और शिक्षकों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करने के लिए वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता और साहित्यिक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। वार्षिक दिवस समारोह में इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
मेधावियों के साथ 43 सेवानिवृत्त कर्मचारी होंगे सम्मानित
वार्षिक दिवस समारोह में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों और बेहतर कार्य करने वाले संकाय सदस्यों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही संस्थान से सेवानिवृत्त हो रहे 43 कर्मचारियों को उनके योगदान और सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा। इनमें छह शिक्षक और 37 गैर-शिक्षण कर्मचारी शामिल हैं। समारोह के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
देश के कई चिकित्सा विशेषज्ञ होंगे शामिल
समारोह में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के चिकित्सा मूल्यांकन एवं रेटिंग बोर्ड के प्रो. एमके रमेश, राष्ट्रीय दंत आयोग के अध्यक्ष प्रो. संजय तिवारी, चौधरी ब्रह्मप्रकाश आयुर्वेद चरक संस्थान, नई दिल्ली के पूर्व निदेशक प्रो. हरि मोहन चंदोला और एम्स नई दिल्ली के प्रो. संजय राय विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह की अध्यक्षता आईएमएस निदेशक प्रो. एसएन संखवार करेंगे।
पत्रकारवार्ता में बीएचयू के डीन प्रो. संजय गुप्ता, दंत चिकित्सा संकाय के डीन प्रो. अतुल भटनागर, आयुर्वेद संकाय प्रमुख प्रो. केएन मूर्ति, प्रो. टीपी चतुर्वेदी, स्वास्थ्य मेला समन्वयक प्रो. वीएन मिश्रा, प्रो. बी. राम और वार्षिक दिवस समारोह के संयोजक प्रो. एसके भारतीय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। संस्थान के अधिकारियों ने कहा कि 66वां वार्षिक दिवस और स्वास्थ्य मेला केवल संस्थान की उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि आम जनता तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, चिकित्सा अनुसंधान और नई तकनीकों की जानकारी पहुंचाने का भी महत्वपूर्ण अवसर होगा।

