बरेका इंटर कॉलेज में दो दिवसीय “चौपाल” कार्यक्रम सफल, छात्रों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) स्थित इंटर कॉलेज में 30 अप्रैल से 1 मई 2026 तक दो दिवसीय “चौपाल” शैक्षणिक कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम छात्रों के बीच संवाद, वाद-विवाद और समसामयिक मुद्दों पर समझ विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

“चौपाल” एक शैक्षणिक पहल है, जिसे पहले आईआईटी दिल्ली और दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों में भी आयोजित किया जा चुका है। वाराणसी में इसका आयोजन बरेका इंटर कॉलेज के सहयोग से हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत बरेका के जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों में नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच और सामाजिक-राजनीतिक समझ विकसित होती है।

दो दिनों तक चले इस कार्यक्रम में कुल 6 समितियों के माध्यम से विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विषयों पर चर्चा हुई। राष्ट्रीय स्तर पर लोकसभा में सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण, AIPPM में न्यायपालिका और गठबंधन प्रणाली, तथा विधानसभा में शिक्षा नीति और सुधारों पर विचार-विमर्श किया गया। वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संयुक्त राष्ट्र महासभा में अंतरिक्ष के सैन्यीकरण को रोकने, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में संघर्ष क्षेत्रों में मानवाधिकार और पत्रकारों की सुरक्षा, तथा इंटरनेशनल काउंसिल ऑफ वूमेन में शांति वार्ता जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने विचार प्रभावशाली ढंग से रखे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार द्वारा मेडल, प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।इस आयोजन के संस्थापक कुश किशोर हैं। कार्यक्रम में मयंक सिंघल, रज़ा रवि और अनिमेष शुक्ला जैसे प्रमुख लोगों की उपस्थिति रही। बरेका इंटर कॉलेज के प्राचार्य ए. के. महेश्वरी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन अपूर्वा आचार्य और उनकी टीम ने किया, जबकि निर्देशन तेजस धर दुबे द्वारा किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्रों में विचार-विमर्श की संस्कृति को बढ़ावा देना और उन्हें देश-दुनिया के मुद्दों के प्रति जागरूक बनाना था।

