मोहनसराय चौराहे पर ट्रक और ऑटो में टक्कर, दो युवक घायल
वाराणसी। रोहनियां थाना क्षेत्र के मोहनसराय चौराहा स्थित हाईवे पर रविवार देर रात ट्रक और ऑटो रिक्शा के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में दो युवक घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
विशेश्वरगंज निवासी ऑटो चालक मोहम्मद शोएब खान (25) अपने साथी साहिल खान (20) के साथ कैंट से सवारी लेकर कछवा गए थे। वहां से वापस लौटते समय जैसे ही उनका ऑटो मोहनसराय चौराहे के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दोनों युवक घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मोहनसराय चौकी प्रभारी अमीर बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया।

