होटल मैनेजर पर 40 लाख की धोखाधड़ी के दो और केस दर्ज, पहले से दर्ज है 8 लाख की धोखाधड़ी का मुकदमा
वाराणसी। अस्सी मार्ग स्थित जानकी बाग कॉलोनी में स्थित होटल प्रकाश पैलेस के मैनेजर हिमांशु गुप्ता के खिलाफ लंका थाने में धोखाधड़ी के दो और मुकदमे दर्ज किए गए हैं। आरोप है कि हिमांशु ने वाहन और कमीशन दिलाने के नाम पर करीब 40 लाख रुपये की ठगी की है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी हिमांशु पर लंका थाने में 8 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।
होटल में काम के दौरान हुई पहचान
पीड़ित विनोद आचार्य, बिहार के गया जिले के निवासी हैं और वर्तमान में लंका क्षेत्र के भोगाबीर स्थित गुरुकृपा अहिल्या बाई कॉलोनी में रहकर होटल के ग्राहकों को किराये पर वाहन उपलब्ध कराने का काम करते हैं। इसी दौरान उनकी पहचान होटल मैनेजर हिमांशु गुप्ता से हुई। हिमांशु मूल रूप से नई दिल्ली के कृष्ण नगर (सफदरजंग) का रहने वाला है और वाराणसी के नरिया क्षेत्र के रोहित नगर में रहता था।
जरूरत बताकर लिया 13 लाख, फिर होटल खरीदने की बात कही
पीड़ित के अनुसार, होटल मैनेजर ने शुरुआत में अपनी जरूरत बताकर 13 लाख रुपये उधार लिए। इसके बाद उसने दावा किया कि वह होटल को खरीदने जा रहा है और वाहन संचालन, कमीशन तथा कमरे की बुकिंग से संबंधित मुनाफे का लालच देकर और रुपये मांगे। आरोप है कि हिमांशु ने वाहन चलवाने में कमीशन दिलाने और होटल में बुकिंग के नाम पर करीब 28 लाख रुपये और ले लिए।
कुछ रकम लौटाई, बाकी लेकर हुआ फरार
पीड़ित ने बताया कि आरोपी ने किसी तरह 8.20 लाख रुपये वापस किए, लेकिन शेष बड़ी रकम लेकर फरार हो गया। इसके बाद पीड़ित ने लंका थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने दो और मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लंका थाना पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

