राजातालाब-जख्खिनी मार्ग पर मैजिक की टक्कर, दो घायल, चालक पकड़ाया

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार मैजिक वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जख्खिनी पुलिस चौकी अंतर्गत टड़िया गांव के पास राजातालाब-जख्खिनी मार्ग पर हुआ।

सिहोरवा निवासी संजय यादव (25) अपने मित्र नरसड़ा निवासी रितिक यादव (25) के साथ बाइक से राजातालाब की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राजातालाब से जख्खिनी की तरफ तेज गति से आ रही मैजिक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जख्खिनी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए कबीरचौरा अस्पताल रेफर कर दिया।

हादसे के बाद मैजिक चालक वाहन लेकर फरार होने की कोशिश करने लगा। हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और जख्खिनी-सिहोरवा के पास मैजिक सहित चालक रामप्रसाद मौर्य निवासी कुंडरिया, जंसा को पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share this story